वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के न्याय विभाग ने शिपिंग कंटेनरों के उत्पादन को सीमित करने और उनकी कीमतें बढ़ाने की कथित साजिश रचने के आरोप में चार प्रमुख चीनी कंटेनर निर्माता कंपनियों और उनके सात वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोविड-19 महामारी के दौरान वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को बाधित करने और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालने के आरोपों के बाद की गई है। अमेरिकी न्याय विभाग का आरोप है कि इस कथित साजिश के कारण 2019 से 2021 के बीच गैर-रेफ्रिजरेटेड मानक शिपिंग कंटेनरों की वैश्विक कीमतें करीब दोगुनी हो गईं, जिससे कंटेनर निर्माताओं का मुनाफा सौ गुना तक बढ़ा। कैलिफोर्निया की उत्तरी जिला अदालत में दायर शिकायत के अनुसार, यह साज़िश नवंबर 2019 से शुरू हुई और जनवरी 2024 तक जारी रही, जिसमें दुनिया के करीब सभी ड्राई शिपिंग कंटेनर शामिल थे। मुकदमे में नामजद सात चीनी अधिकारियों में से एक, विक एन हिंग मा (जिन्हें विक मा भी कहा जाता है), को फ्रांस में गिरफ्तार किया था। वह सिंगामास कंटेनर होल्डिंग्स लिमिटेड में मार्केटिंग डायरेक्टर थे। अमेरिका ने अब फ्रांस से उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जबकि अन्य छह अधिकारी अभी भी फरार चल रहे हैं। जिन चार कंपनियों पर केस हुआ है, उसमें सिंगामास कंटेनर होल्डिंग्स लिमिटेड, चाइना इंटरनेशनल मरीन कंटेनर्स (ग्रुप) कंपनी लिमिटेड, शंघाई यूनिवर्सल लॉजिस्टिक्स इक्विपमेंट कंपनी लिमिटेड और सीएक्सआईसी ग्रुप कंटेनर्स कंपनी लिमिटेड शामिल हैं। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इन कंपनियों का वैश्विक ड्राई शिपिंग कंटेनर बाजार के एक बड़े हिस्से पर नियंत्रण था। आशीष दुबे / 22 मई 2026