नेपाल रूट से एक दिन में 274 पर्वतारोही पहुंचे शिखर पर काठमांडु(ईएमएस)। नेपाल की ओर से माउंट एवरेस्ट पर एक दिन में सबसे ज्यादा 274 पर्वतारोहियों ने चढ़ाई कर नया रिकॉर्ड बनाया है। मौसम साफ होने और बर्फ हटने के बाद बुधवार सुबह शुरू हुआ अभियान 11 घंटे तक चला। विशेषज्ञ लगातार एवरेस्ट पर बढ़ती भीड़ और सुरक्षा जोखिमों को लेकर चेतावनी दे रहे हैं। नेपाल पर्यटन विभाग के अधिकारी खिमलाल गौतम के मुताबिक, बुधवार को 274 लोगों ने एवरेस्ट फतह किया। इससे पहले 22 मई 2019 को 223 पर्वतारोहियों ने नेपाल की ओर से एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर रिकॉर्ड बनाया था। इस साल एवरेस्ट पर चढ़ाई के लिए करीब 500 विदेशी पर्वतारोहियों को परमिट जारी किए गए हैं। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में पर्वतारोहियों की लंबी कतारें दिखाई दीं। ये कतारें एवरेस्ट के डेथ जोन तक फैली थीं। डेथ जोन समुद्र तल से 8 हजार मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले हिस्से को कहा जाता है, जहां ऑक्सीजन बेहद कम होती है। नेपाल सरकार ने सितंबर 2024 से एवरेस्ट परमिट फीस 11 हजार डॉलर से बढ़ाकर 15 हजार डॉलर कर दी थी। इसके बावजूद एवरेस्ट पर्यटन में तेजी बनी हुई है। विनोद उपाध्याय / 22 मई, 2026