राष्ट्रीय
22-May-2026


* बैंकॉक से आए यात्री की ट्रॉली बैग से 20 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, डीआरआई और कस्टम विभाग की संयुक्त कार्रवाई अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक बार फिर बड़ी ड्रग्स तस्करी का मामला सामने आया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। हाल ही में 50 करोड़ रुपये की हेरोइन पकड़े जाने के बाद अब बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से 20 किलो से ज्यादा गांजा बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 20 मई की मध्यरात्रि के आसपास बैंकॉक से अहमदाबाद पहुंची थाई एयरवेज की फ्लाइट में एक यात्री के पास गांजा होने की सूचना डीआरआई को मिली थी। इसके बाद डीआरआई ने कस्टम विभाग को अलर्ट किया और सभी यात्रियों की गहन जांच शुरू की गई। तलाशी के दौरान एक यात्री की ट्रॉली बैग से हरे रंग के सूखे पौधों जैसे पदार्थ के 19 पैकेट बरामद हुए। जांच में यह पदार्थ गांजा निकला। कस्टम विभाग ने एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत कुल 20.366 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंगद श्रीवास्तव निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को एनडीपीएसएक्ट की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर आगे की जांच के लिए डीआरआई को सौंप दिया गया है। प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिल्ली से बैंकॉक गया था, जहां किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे यह खेप सौंपी थी। इसके बाद वह गांजा लेकर अहमदाबाद पहुंचा और यहां से दिल्ली जाने की तैयारी में था। अधिकारियों के मुताबिक, यह आरोपी की पहली अंतरराष्ट्रीय यात्रा थी। अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचते ही कस्टम अधिकारियों को उस पर शक हुआ और जांच में पूरा मामला उजागर हो गया। अब डीआरआई यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह गांजा कहां से लाया, किसने उसे सौंपा और भारत में यह खेप किसे दी जानी थी। अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विदेशी गांजा पकड़े जाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे यह संकेत मिल रहा है कि भारत में विदेशी गांजे की मांग तेजी से बढ़ रही है। सूत्रों के अनुसार, अनुमान है कि हर सप्ताह विदेशों से गांजे की खेप भारत या अहमदाबाद भेजने की कोशिश की जा रही है। सतीश/22 मई