राष्ट्रीय
22-May-2026


अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल मेमोरियल, शाहीबाग में शनिवार को एक भव्य “रोजगार मेला” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें रेलवे सहित विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में चयनित नव-नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होकर नव-नियुक्त कर्मियों को संबोधित करेंगे और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। कार्यक्रम के तहत देशभर के विभिन्न विभागों में चयनित हजारों अभ्यर्थियों को एक साथ सरकारी सेवा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। यह पहल युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और प्रशासनिक तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अहमदाबाद में आयोजित इस विशेष समारोह में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री निशित प्रमाणिक, शहरी विकास एवं शहरी आवास राज्य मंत्री दर्शना वाघेला, सांसद दिनेश मकवाणा, सांसद हसमुख पटेल, राज्यसभा सांसद नरहरि अमीन तथा विधायक दिनेशसिंह कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। सभी अतिथिगण नव-नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करेंगे। कार्यक्रम के दौरान सरकार की विभिन्न रोजगार एवं युवा सशक्तिकरण योजनाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा। यह आयोजन न केवल प्रशासनिक भर्ती प्रक्रिया को गति देने का प्रतीक है, बल्कि युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक अवसर भी साबित होगा, जिससे वे देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभा सकें। सतीश/22 मई