राष्ट्रीय
22-May-2026


भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश में पेट्रोल और डीजल की मांग अचानक बढ़ने के बाद कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गई हैं। राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में लोगों ने ईंधन की कमी की आशंका के चलते बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल भरवाना शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने प्रति वाहन सीमित ईंधन देने का फैसला लिया है। जानकारी के अनुसार प्रदेश में परिवहन और सप्लाई व्यवस्था प्रभावित होने की खबरों के बाद लोगों में घबराहट बढ़ गई। कई पेट्रोल पंपों पर दोपहिया वाहनों को सीमित मात्रा में पेट्रोल दिया जा रहा है, जबकि चारपहिया वाहनों के लिए भी सीमा तय की गई है। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई सामान्य बनाए रखने और सभी उपभोक्ताओं को ईंधन उपलब्ध कराने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। सुबोध/२२ -०५-२०२६