राष्ट्रीय
22-May-2026


-रक्षा सहयोग मजबूत करने पर जोर, दोनों देशों ने तकनीकी साझेदारी बढ़ाने पर की बात नई दिल्ली,(ईएमएस)। डिफेंस रिसर्च एंड डेवलप्मेंट ऑर्गनाइजेशन (डीआरडीओ) मुख्यालय में विगत दिवस फ्रांस के रक्षा प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया। फ्रांसीसी रक्षा खरीद एवं प्रौद्योगिकी एजेंसी डीजीए के आर्मामेंट्स के डेलिगेट जनरल पेट्रिक पैलोक्स के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने डीआरडीओ प्रमुख समीर वी कामत से मुलाकात कर उन्नत रक्षा तकनीकों पर चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत और फ्रांस के बीच रक्षा तकनीक और अनुसंधान सहयोग को और मजबूत बनाना था। दोनों पक्षों ने रक्षा उपकरणों के सह-विकास और सह-उत्पादन को बढ़ाने पर जोर दिया। इससे पहले फरवरी 2026 में बेंगलुरु में आयोजित 6वीं भारत-फ्रांस वार्षिक रक्षा वार्ता के दौरान दोनों देशों ने अगले 10 वर्षों के लिए रक्षा सहयोग समझौते का नवीनीकरण किया था। भारत ने फ्रांस से राफेल विमानों में स्वदेशी सामग्री की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत तक बढ़ाने और भारत में रखरखाव, मरम्मत तथा ओवरहॉल सुविधाओं के विस्तार का आग्रह किया था। इसके अलावा दोनों देशों ने सैन्य सहयोग और अधिकारियों की पारस्परिक तैनाती को बढ़ावा देने पर भी सहमति जताई थी। बैठक में हाल ही में स्थापित भारत-यूरोपीय संघ सुरक्षा एवं रक्षा साझेदारी के महत्व पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने क्षेत्रीय स्थिरता और संयुक्त क्षमताओं को मजबूत करने के लिए रणनीतिक सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। हिदायत/ईएमएस 22मई26