राष्ट्रीय
22-May-2026


-पश्चिम बंगाल में मदरसों में राष्ट्रगीत अनिवार्य किए जाने के फैसले पर बढ़ा विवाद नई दिल्ली,(ईएमएस)। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (एआईएमपीएलबी) ने पश्चिम बंगाल के मदरसों में ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य किए जाने के फैसले का विरोध किया है। बोर्ड के प्रवक्ता कासिम रसूल इलियास ने कहा कि मुसलमान पूरे ‘वंदे मातरम्’ का पाठ नहीं कर सकते, क्योंकि इसके कुछ हिस्से उनकी धार्मिक आस्था और विश्वास के खिलाफ हैं। मीडिया से खास बातचीत के दौरान इलियास ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 25 के तहत प्रत्येक नागरिक को अपनी धार्मिक आस्था का पालन करने का अधिकार है और किसी दूसरे धर्म की मान्यताओं को थोपना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि यह फैसला निंदनीय है और इसे वापस लिया जाना चाहिए। इसी के साथ ही बोर्ड ने संकेत दिया, कि वह इस मुद्दे को लेकर जल्द ही सुप्रीम कोर्ट का रुख करेगा। यहां बताते चलें कि विवाद तब बढ़ा जब पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी मदरसों में प्रार्थना सभा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य करने का आदेश जारी किया। भाजपा नेता दिलिप घोष ने कहा कि जहां सरकारी धन और कानून लागू होते हैं, वहां राष्ट्रगीत गाया जाना चाहिए। हालांकि, राज्य में इस फैसले का विरोध भी शुरू हो गया है। हिदायत/ईएमएस 22मई26