क्षेत्रीय
22-May-2026
...


- मोबाइल छोड़ कला से जुड़े बच्चे, लहरी अंकल से सीख रहे रेखाओं और तीखे व्यंग्य का जादू :: - सशक्त संप्रेषण का माध्यम है कार्टून विधा : महापौर इंदौर (ईएमएस)। कार्टून केवल मनोरंजन की वस्तु नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने और अपनी बात को मारक व व्यंग्यात्मक रूप से प्रस्तुत करने का सबसे सशक्त माध्यम है। इसका प्रभाव त्वरित और गहरा होता है। यह विचार महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित तीन दिवसीय कार्टूनशाला के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने नई पीढ़ी के इस कलात्मक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में जब बच्चे मोबाइल की आभासी दुनिया में खो रहे हैं, तब इस जीवंत विधा से जुड़ना उनके व्यक्तित्व को नई दिशा प्रदान करेगा। समारोह के प्रथम दिन देश के ख्यातनाम कार्टूनिस्ट और मुख्य प्रशिक्षक इस्माइल लहरी (लहरी अंकल) ने उपस्थित लगभग 70 बच्चों को रेखाओं के जादू से परिचित कराया। उन्होंने बेहद सरल ढंग से केवल कुछ सीधी रेखाओं (लाइन्स) और गोलों के माध्यम से सजीव चेहरे व विभिन्न भाव-भंगिमाएं उकेरने तथा चित्रकारी की बारीकियां सिखाईं। बच्चों की सहज जिज्ञासाओं और प्रश्नों का लहरी अंकल ने अत्यंत शालीनता व आत्मीयता से समाधान किया, जिससे पूरी कार्यशाला का माहौल उत्साह से भर गया। महापौर भार्गव ने इंदौर प्रेस क्लब को साधुवाद देते हुए कहा कि लगातार 15 वर्षों से इस प्रकार का सृजनात्मक आयोजन करना क्लब की कला और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे इसे पेशा बनाएं या न बनाएं, लेकिन एक महान कलाकार से सीखने का यह रोमांच जीवनभर उनकी स्मृति में रहेगा। :: कड़ी मेहनत से ही मिलती है विशिष्ट पहचान :: इस अवसर पर प्रेस क्लब के महासचिव प्रदीप जोशी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कोई भी कला साधना मांगती है। यदि पूरी ईमानदारी और कड़ी मेहनत से इसे सीखा जाए, तो यह समाज में आपको एक विशिष्ट पहचान दिला सकती है। इससे पूर्व, कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का आत्मीय स्वागत प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य अभय तिवारी, श्याम कामले, पूनम शर्मा, अभिषेक रघुवंशी, लक्ष्मीकांत पंडित और नितिन जैन ने किया। इस रचनात्मक आयोजन के साक्षी बनने के लिए बच्चों के अभिभावक और शहर के प्रबुद्ध पत्रकार जन बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर मुकेश तिवारी ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया। प्रकाश/22 मई 2026