- फूटी कोठी से पवित्र जल लेकर नंगे पैर निकलीं हजारों महिलाएं; शनिवार से वृन्दावन के श्रीराम प्रपन्नाचार्य करेंगे रामकथा :: इंदौर (ईएमएस)। हवा बंगला स्थित कैट रोड के हरिधाम आश्रम पर शुक्रवार सुबह से पंचकुंडीय हनुमत महायज्ञ का शुभारंभ होते ही पूरा परिसर प्रभु श्रीराम, हनुमानजी और यज्ञनारायण के जयघोष से गूंज उठा। इस धार्मिक महोत्सव के अंतर्गत शाम को आश्रम के महंत शुकदेवदास महाराज के सानिध्य में फूटी कोठी स्थित पुखराज पैलेस से हरिधाम तक एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे मार्ग को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। कलश यात्रा में मातृशक्ति ने पवित्र नदियों के जल से भरे कलश मस्तक पर धारण कर नर्मदा, गंगा, जमुना और क्षिप्रा सहित सभी जीवनदायिनी नदियों के गुणगान के बीच नाचते-गाते हुए मार्ग तय किया। आश्रम पर शनिवार 23 मई 2026 से प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक श्रीधाम वृन्दावन के प्रख्यात कथाकार पंडित श्रीराम प्रपन्नाचार्य महाराज के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा की अमृत वर्षा होगी। इस भव्य आयोजन में स्वदेशी जागरण मंच की भी उत्साहपूर्ण भागीदारी रहेगी। आश्रम परिवार के प्रमुख सुरेश चोपड़ा, संजय अग्रवाल एवं संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुखराज पैलेस से प्रारंभ हुई इस कलश यात्रा में शहरी क्षेत्र के अलावा आसपास के 25 गांवों के श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए। फूटी कोठी से प्रारंभ होकर यह यात्रा हवा बंगला होते हुए कैट रोड से हरिधाम आश्रम पहुंची। बैंड-बाजों और ढोल-ढमाकों के साथ निकली कलश यात्रा में महंत शुकदेवदास, समाजसेवी विष्णु बिंदल, सीताराम नरेडी, पिंकेश मोदी, राहुल धनोतिया और आश्रम के अन्य सहयोगी पूरे समय पैदल चलकर भक्तों का उत्साहवर्धन करते रहे। बग्घियों में कथाव्यास आचार्य पंडित श्रीराम प्रपन्नाचार्य महाराज सहित अनेक संत-विद्वान विराजित थे, जिनका मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा, फल वितरण और स्वल्पाहार सेवा से गरिमापूर्ण स्वागत किया गया। आश्रम पहुँचने पर सुधीर अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल और विजय सिंह राणा आदि ने सभी संतों व मेहमानों की अगवानी की। हरिधाम आश्रम पर शनिवार को सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में विशेष मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां देने का क्रम शुरू होगा, जो 29 मई तक चलेगा। इस दौरान कुल 11 लाख आहुतियाँ समर्पित की जाएंगी और यजमानों को महायज्ञ में सिद्ध व अभिमंत्रित किए गए श्रीयंत्र भेंट किए जाएँगे। यह पहला अवसर है जब हरिधाम पर एक साथ तीन बड़े अनुष्ठान होने जा रहे हैं, जिसमें हनुमत महायज्ञ और श्रीराम कथा के साथ समापन दिवस 29 मई को दोपहर 2 बजे पूर्णाहुति होगी। इसके पश्चात शाम 7 बजे से विशाल भंडारे का क्रम प्रारम्भ होगा, जिसमें आसपास के 25 गांवों के हजारों श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। प्रकाश/22 मई 2026 संलग्न चित्र : इंदौर। हवा बंगला कैट रोड स्थित हरिधाम पर शनिवार से प्रारम्भ होने वाली श्रीराम कथा के पूर्व शुक्रवार को निकली कलश यात्रा में शामिल संत, महंत एवं अन्य अतिथि।