क्षेत्रीय
22-May-2026
...


- राजस्थान के प्रख्यात भागवताचार्य सतीशचन्द्र शर्मा करेंगे कथामृत की वर्षा; फूलों की होली और छप्पन भोग होंगे मुख्य आकर्षण इंदौर (ईएमएस)। मालवा मील अग्रवाल पंचायत की मेजबानी में मंगलवार 26 मई 2026 से सोमवार 1 जून तक मालवा मील चौराहा स्थित अग्रवाल धर्मशाला (वाईएन रोड) पर भव्य भागवत ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। पुरुषोत्तम मास के पावन उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव में राजस्थान के प्रख्यात भागवताचार्य पंडित सतीशचन्द्र शर्मा के श्रीमुख से प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक भागवत कथामृत की वर्षा होगी। इस ज्ञान यज्ञ में मालवा मील क्षेत्र से जुड़ी करीब 40 कॉलोनियों सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों श्रद्धालु भक्तिरस का पुण्य लाभ उठाएंगे। पंचायत के अध्यक्ष गोविन्द गर्ग भमौरी, मंत्री सुशील अग्रवाल एवं कथा संयोजक राजेश अग्रवाल, अर्पण गर्ग व उमेश मंगल ने बताया कि सात दिवसीय महोत्सव के दौरान कई दिव्य प्रसंगों और उत्सवों का उल्लास बिखरेगा। महोत्सव के प्रथम दिन भव्य शोभा यात्रा के पश्चात भागवत स्थापना एवं गोकर्ण महिमा की कथा होगी। इसके बाद 27 मई को शुकदेव जन्म एवं अमरनाथ कथा, 28 मई को श्रीराम जन्मोत्सव, 29 मई को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 30 मई को गोवर्धन पूजन एवं छप्पन भोग दर्शन तथा 31 मई को रुक्मणी विवाह का प्रसंग सुनाया जाएगा। सोमवार 1 जून को सुदामा चरित्र की कथा, भागवत महापूजन एवं यज्ञ-हवन के बीच शुकदेवजी की बिदाई के साथ इस ज्ञान यज्ञ का समापन होगा। आयोजकों के अनुसार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आनंद फूलों की होली खेलकर लिया जाएगा, वहीं रुक्मणी विवाह के विशेष प्रसंग के लिए सभी श्रद्धालुओं से हल्दी-मेहंदी लगाकर आने का आत्मीय आग्रह किया गया है। अग्रवाल महिला प्रगति सभा की अध्यक्ष मोनिका पोद्दार, सचिव रेखा गोयल तथा अग्रसेन यंग क्लब के अध्यक्ष विकास अग्रवाल व सचिव सुयश अग्रवाल सहित सभी पदाधिकारियों ने समाज बंधुओं से इस धार्मिक महोत्सव में सपरिवार सम्मिलित होने की अपील की है। प्रकाश/22 मई 2026 संलग्न चित्र : कथा व्यास भागवताचार्य पं. सतीशचन्द्र शर्मा।