- स्थानीय भाजपा नगरसेवक का नाम आया उल्हासनगर, (ईएमएस)। उल्हासनगर में गुरुवार शाम हुई सनसनीखेज फायरिंग और दोहरे हत्याकांड मामले में उल्हासनगर क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपियों शेखर बिराजदार और अजय राव को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच के पुलिसकर्मी राजेंद्र उर्फ पिंट्या थोरवे को सूचना मिली कि हत्या मामले के कुछ आरोपी वांगणी इलाके में आने वाले हैं। इस सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक योगेश आव्हाड के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक अशोक पवार की निगरानी में टीम ने वहां जाल बिछाया। इस टीम में पिंट्या थोरवे, गणेश गावडे, रितेश वंजारी, योगेश वाघ, प्रसाद तोंडलीकर, रामदास उगले, शेखर भावेकर और बाबू जाधव शामिल थे। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने शेखर बिराजदार और अजय राव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। क्राइम ब्रांच अन्य आरोपियों और हथियारों की खोज में भी तलाशी अभियान चला रही है। आपको बता दें कि गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे कैंप पांच, कैलाश कॉलोनी चौक और पुलिस चौकी के सामने होटल व्यवसाई दीपक ठाकुर के कार्यालय में अनिल हरकेश चौहान और अमन हरकेश चौहान, अर्जुन सूरजबली चौहान और उनके कुछ दोस्त बैठे हुए थे। इसी दौरान हथियारों से लैस 9 से 10 हमलावर वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते लोहे की रॉड, धारदार हथियार तथा पिस्टल के दम पर हमला शुरू कर दिया। आरोपियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवा में फायरिंग भी की और अनिल हरकेश चौहान और अमन हरकेश चौहान को नजदीक से गोली मार दी जिसमें दोनों सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए मध्यवर्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जबकि अर्जुन सुरजबली चौहान गंभीर रूप से घायल हुआ है और एक निजी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी धमकाया गया। उधर हिललाइन पुलिस थाना में 42 वर्षीय दीपक परमसिंग ठाकुर की शिकायत पर शेखर बिराजदार, बलवीर बिराजदार, अजित शेख, अजय राव, सागर पाटील, अदालत बद्दीन खान समेत 9 से 10 लोगों के खिलाफ हत्या, फायरिंग और हमला करने का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित दीपक ठाकुर, निवासी शिवमंदिर रोड, उल्हासनगर-5 ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपियों ने उनके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। वहीं फरार आरोपियों की तलाश के लिए पांच विशेष पुलिस टीमें तैनात की गई हैं। हिल लाइन पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गवाहों के बयान दर्ज किए हैं, जिनकी मदद से आरोपियों की पहचान की गई थी। फ़िलहाल मामले की जांच पुलिस निरीक्षक एस.एल.कैलासे कर रहे हैं। वहीं इस घटना के बाद से स्थानीय लोग और दुकानदार दहशत में हैं। * स्थानीय भाजपा नगरसेवक का नाम आया शिकायतकर्ता दीपक ठाकुर ने इस सनसनीखेज घटना में एक स्थानीय भाजपा नगरसेवक का नाम भी लिया। इससे मामले के राजनीतिक रंग लेने की संभावना जताई जा रही है। उधर पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे ने कहा कि पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करेगी। संतोष झा- २२ मई/२०२६/ईएमएस