22-May-2026
...


- सूंड गांव में अंबेडकर मूर्ति खंडित करने वाला आरोपी जेल भेजा गया - 2018 के बाद फिर दोहराई वारदात शिवपुरी (ईएमएस)।शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना अंतर्गत सूंड गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने आरोपी कैलाश यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी ने शराब के नशे में वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह वर्ष 2018 में भी इसी प्रकार की घटना कर चुका है। मूर्ति तोड़ने से गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया- बताया जाता है कि बीते 20 और 21 मई की दरमियानी रात को ग्राम सूंड निवासी विकास जाटव ने सिरसौद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति अज्ञात व्यक्ति ने खंडित कर दी है। इस घटना से ग्रामीणों की धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुईं और गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दबोचा- सिरसौद पुलिस ने अपराध क्रमांक 147/26 के तहत धारा 298 भारतीय न्याय संहिता में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर से सूचना मिली कि संदेही कैलाश यादव बेरजा नदी पुलिया के पास देखा गया है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी कैलाश यादव (35) पुत्र रामदयाल यादव, निवासी ग्राम सूंड, हाल निवास ग्राम खर्द को गिरफ्तार कर लिया। नशे की हालत में दिया वारदात को अंजाम- थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि घटना वाली रात वह अत्यधिक शराब के नशे में था और नशे की हालत में ही उसने मूर्ति को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने बताया है कि आरोपी आदतन अपराधी है। वर्ष 2018 में भी वह इसी तरह की वारदात कर चुका है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद गांव में शांति का माहौल है। पुलिस मामले में विस्तृत जांच कर रही है। रंजीत गुप्ता, २२ मई, २०२६