22-May-2026
...


- कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति, ग्रामीणों की सेहत से खिलवाड़ का आरोप मण्डला (ईएमएस)। नारायणगंज- आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र नारायणगंज में इन दिनों एक्सपायरी डेट निकल चुकी खाद्य सामग्री की बिक्री को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। नगर मुख्यालय होने के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे दुकानदार और आम ग्रामीण रोजमर्रा की खाद्य सामग्री की खरीदी के लिए नारायणगंज बाजार पर निर्भर रहते हैं, लेकिन बाजार में खुलेआम एक्सपायरी सामान बिकने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की कई किराना दुकानों में समय-सीमा समाप्त हो चुके खाद्य पदार्थ, पैकेज्ड आइटम और अन्य उपभोक्ता सामग्री रखी जाती है। आरोप है कि जांच के दौरान जिम्मेदार विभाग द्वारा केवल औपचारिकता निभाई जाती है, जिससे दुकानदार कार्रवाई से बच निकलते हैं और यह अवैध कारोबार लगातार जारी रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि जागरूकता की कमी के कारण आदिवासी एवं भोले-भाले उपभोक्ता पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट को समझ नहीं पाते और अनजाने में खराब सामग्री खरीद लेते हैं। कई बार ऐसी सामग्री के सेवन से लोगों की तबीयत बिगड़ने और अस्पताल तक पहुंचने की स्थिति भी बन जाती है। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने आरोप लगाया कि यदि खाद्य सुरक्षा विभाग नियमित और निष्पक्ष कार्रवाई करे तो ऐसी स्थिति पर रोक लग सकती है। लेकिन विभागीय उदासीनता और कथित मिलीभगत के कारण उपभोक्ताओं की सेहत खतरे में पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानों में विशेष अभियान चलाकर एक्सपायरी सामग्री जब्त की जाए, दोषी व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई हो। ईएमएस / 22/05/2026