22-May-2026
...


सिरोंज (ईएमएस )। आगामी 28 मई गुरुवार को मनाए जाने वाले ईद-उल-अज़हा (बकरा ईद) पर्व को लेकर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी द्वारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। कमेटी के पदाधिकारियों एवं मुस्लिम समाज के वरिष्ठ नागरिकों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सिरोंज को ज्ञापन देकर शहर एवं मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि ईद-उल-अज़हा का पर्व मुस्लिम समाज द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों एवं ईदगाह में नमाज अदा करेंगे। ऐसे में पर्व के दौरान स्वच्छता एवं व्यवस्थाएं बनाए रखना आवश्यक है। कमेटी ने प्रशासन से मांग की कि ईदगाह एवं मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई, कचरा उठाव, पानी निकासी, चूना छिड़काव एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कराई जाएं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ज्ञापन में नमाज के समय भी प्रशासन को अवगत कराए गए। इसके अनुसार ईदगाह परिसर में सुबह 7:00 बजे, जामा मस्जिद में 7:15 बजे, ताज मस्जिद में 7:30 बजे, कमन गीरान की मस्जिद में 7:45 बजे तथा बिलाल मस्जिद में सुबह 8:00 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। इस दौरान सिरोंज एसडीएम, पुलिस एसडीओपी सहित समाज के कई वरिष्ठ नागरिक एवं कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आश्वासन दिया गया। सलमान खान, २२ मई,२०२६