क्षेत्रीय
22-May-2026
...


- शासन की योजनाओं का मिल रहा लाभ मुरैना ( ईएमएस ) । विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह सहरिया समुदाय तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में “जन भागीदारी - सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार यह अभियान 18 मई से 25 मई 2026 तक जिले की 42 चिन्हित सहरिया बसाहटों में आयोजित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि शासन का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में 21 से 23 मई 2026 तक प्रत्येक पंचायत भवन में विशेष जनसुनवाई आयोजित कर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। शिविरों में मिल रही अनेक शासकीय सेवाएं अभियान के अंतर्गत जाति, निवास एवं आय प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन, बैंक खाते, वनाधिकार पट्टे सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। जिले के 18 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी इन शिविरों में सक्रिय रूप से सेवाएं दे रहे हैं। साथ ही राजस्व न्यायालयीन प्रकरणों सहित विभिन्न आवेदनों का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। परिवारवार सर्वेक्षण कर शून्य पेंडेंसी एवं शत-प्रतिशत सैचुरेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। शिविरों में मिल रहा सकारात्मक प्रतिसाद जनपद पंचायत सबलगढ़ की ग्राम पंचायत गुलालाई, कैमाराकलां, बावड़ीपुरा, टेंटरा, जवाहरगढ़ एवं बेरखेड़ा की सहरिया बसाहटों में आयोजित शिविरों में अब तक कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 17 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जबकि 6 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। इसी प्रकार आकांक्षी विकासखंड पहाड़गढ़ में भी खंड स्तरीय अधिकारी शिविर लगाकर सहरिया समुदाय की समस्याओं एवं मांगों को सुन रहे हैं तथा निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित कर रहे हैं। शिविरों के दौरान स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता अभियान एवं ग्राम सभाओं का आयोजन भी किया जा रहा है। “सबसे दूर, सबसे पहले” के संकल्प के साथ जिला प्रशासन मुरैना जनजातीय समुदाय के सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक सशक्तिकरण हेतु निरंतर कार्य कर रहा है।