- दमदमा क्षेत्र से भडक़ी आग, तेज हवा और सूखी घास बनी बड़ी वजह देवास (ईएमएस) । प्रसिद्ध माता टेकरी पर झाडियों में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग सबसे पहले टेकरी के ऊपरी हिस्से ‘दमदमा’ क्षेत्र में भडक़ी, जिसके बाद परिक्रमा मार्ग के पास भी आग फैल गई। पहाड़ी पर सूखी घास की अधिकता और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती हुई बड़ी माता मंदिर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई। आग की चपेट में आने से वहां लगे सोलर पैनलों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ऊपरी हिस्से में करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद बचाव दल नीचे के हिस्से में पहुंचा, जहां नगर निगम और निजी कंपनियों की फायर ब्रिगेड की मदद से परिक्रमा मार्ग के पास लगी आग बुझाने का प्रयास किया गया। पानी की कमी और पहाड़ी क्षेत्र ने बढ़ाई मुश्किलें पहाड़ी क्षेत्र होने और कई स्थानों तक पाइपलाइन नहीं पहुंच पाने के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शुरुआत में टेकरी पर पानी की कमी भी सामने आई, जिससे आग बुझाने में अधिक समय लगा। बिजली गुल होने के कारण पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति भी बंद हो गई थी। ऐसी स्थिति में स्थानीय लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर डिब्बों और कैनों के जरिए पानी पहुंचाया और आग बुझाने में सहयोग किया। कई लोग बाइक से पानी भरकर टेकरी तक पहुंचाते रहे। तेज हवा के चलते आग बार-बार भडक़ती रही, जिससे स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण बनी रही। घटना के दौरान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। करीब तीन घंटे की लगातार मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। मौके पर जयवीर सिंह भदोरिया और तहसीलदार सपना शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य की लगातार निगरानी की और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।