:: श्रद्धा सुमन सेवा समिति द्वारा सोमवार को गंगा बगीची पर विशेष आयोजन; आरती और पूजन में शामिल होंगे शहर के विभिन्न संगठन :: इंदौर (ईएमएस)। श्रद्धा सुमन सेवा समिति द्वारा गंगा दशहरा के पावन उपलक्ष्य में सोमवार 25 मई 2026 को सुबह 9.30 बजे पंचकुइया मार्ग स्थित गंगा बगीची पर एक विशेष धार्मिक और सामाजिक गरिमा से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा माँ गंगा की भव्य आरती एवं विधि-विधान से पूजन करने के पश्चात देश की समस्त पवित्र नदियों के संरक्षण और उनके संवर्द्धन का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। समिति के अध्यक्ष हरि अग्रवाल, राजेंद्र गर्ग एवं राजेंद्र सोनी ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी यह आयोजन उच्च आध्यात्मिक परिवेश में संपन्न होगा। कार्यक्रम अखंड धाम के महामंडलेश्वर स्वामी चेतन स्वरुप, हंसदास मठ के महामंडलेश्वर श्रीमहंत रामचरणदास महाराज, महामंडलेश्वर महंत पवन दास महाराज और स्वामी राजानंद सहित कई प्रतिष्ठित संतों के पावन सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर शहर के विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि, पदाधिकारी और प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पहले माँ गंगा की आराधना करेंगे और फिर नदियों के शुद्धिकरण के इस राष्ट्रव्यापी संकल्प अभियान का हिस्सा बनेंगे। प्रकाश/22 मई 2026 संलग्न चित्र : गंगा माता का फाइल फोटो।