* मेरिटाइम, शिप बिल्डिंग और एजुकेशन सेक्टर में साझेदारी बढ़ाने पर जोर, सेंट पीटर्सबर्ग बिजनेस समिट का निमंत्रण गांधीनगर (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल से रूस फेडरेशन के मुंबई स्थित कॉन्सुल जनरल इवान फेतिसोव ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच गुजरात और रूस के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से मेरिटाइम, शिप बिल्डिंग और एजुकेशन सेक्टर में साझेदारी एवं समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात देश का सबसे लंबा समुद्री तट वाला राज्य है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य ने पोर्ट-लेड डेवलपमेंट का नया मॉडल विकसित किया है। उन्होंने बताया कि देश के लगभग 40 प्रतिशत कार्गो हैंडलिंग गुजरात के बंदरगाहों के माध्यम से होती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शिप रिसाइक्लिंग और शिप बिल्डिंग के क्षेत्र में गुजरात ने अग्रणी स्थान हासिल किया है। साथ ही गुजरात मेरिटाइम यूनिवर्सिटी सहित विभिन्न सेक्टर आधारित विश्वविद्यालयों के कारण गुजरात आधुनिक शिक्षा हब के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। रूसी कॉन्सुल जनरल इवान फेतिसोव ने बातचीत के दौरान वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल सम्मिट-2024 में रूस के पार्टनर कंट्री रहने का उल्लेख किया। उन्होंने हाल ही में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस में रूस की पार्टनर ऑर्गेनाइजेशन के रूप में भागीदारी का भी जिक्र किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित होने वाली आगामी बिजनेस समिट में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने भी वाइब्रेंट गुजरात समिट के अगले संस्करण में रूसी प्रतिनिधिमंडल को भाग लेने का आमंत्रण दिया। बैठक में उद्योग विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव ममता वर्मा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कुमार, जीआईडीसी की एमडी प्रवीणा डी.के. तथा इंडेक्स-बी के संयुक्त प्रबंध निदेशक अमित प्रकाश यादव भी उपस्थित रहे।