राज्य
22-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। आसमान से बरसती आग और 45 डिग्री के पार जाते तापमान के बीच, शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक अघोषित बिजली कटौती ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है। इस भीषण गर्मी में जनता की परेशानी को देखते हुए शुक्रवार को युवक कांग्रेस ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और विभाग की लचर कार्यप्रणाली पर जमकर आक्रोश व्यक्त किया। युवक कांग्रेस पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से अधिकारियों को अवगत कराया कि चिलचिलाती धूप और उमस में बिजली विभाग द्वारा लोड शेडिंग के नाम पर दिन में दो-दो घंटे तक अघोषित रूप से बिजली काटी जा रही है। ऐसे समय में जब पंखे और कूलर के बिना एक पल रहना मुश्किल है, तब इस कटौती का सबसे ज्यादा खामियाजा छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कटौती जारी, फिर भी आ रहे भारी-भरकम बिल कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ तो उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, वहीं दूसरी तरफ उनके हाथों में भारी-भरकम बिजली बिल थमाए जा रहे हैं। अधिकारियों द्वारा ज्यादा बिजली उपयोग का बेतुका हवाला देकर बिलों की राशि मनमाने ढंग से बढ़ाई जा रही है। विभाग के इस दोहरे रवैये से आम उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश पनप रहा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था में जल्द ही सुधार नहीं किया गया और अघोषित कटौती बंद नहीं हुई, तो संगठन मूकदर्शक बनकर नहीं बैठेगा। आम जनता के हकों के लिए युवक कांग्रेस जल्द ही सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।