:: एसजीएसआईटीएस कॉलेज पहुंचे डॉ. सुदाम खाड़े; नियमों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के दिए निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की आगामी प्रारंभिक परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए इंदौर प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी रविवार, 24 मई को शहर के 27 निर्धारित केंद्रों पर यह प्रतिष्ठित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तैयारियों और आयोग द्वारा तय किए गए कड़े सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने के लिए संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े स्वयं एसजीएसआईटीएस कॉलेज (SGSITS) पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कॉलेज परिसर में बनाए गए परीक्षा कक्षों का अवलोकन करते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग (जांच), फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा प्रमाणीकरण), क्यूआर कोड स्कैनिंग और हस्ताक्षर सत्यापन के लिए नियुक्त किए गए अधिकारियों की मुस्तैदी को परखा। उन्होंने परीक्षा हॉल में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था, परीक्षार्थियों के प्रवेश और निकास (एग्जिट) के मार्गों का भी बारीकी से निरीक्षण किया ताकि परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। :: बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था रखने के निर्देश :: निरीक्षण के दौरान केंद्र के प्रभारी प्रो. विनोद पारे ने संभागायुक्त को कॉलेज में की गई बैठक व्यवस्था और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं से अवगत कराया। डॉ. खाड़े ने गर्मी के मौसम को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर जैसी वैकल्पिक व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा कक्षों में बैठने के लिए रखी गईं कुर्सियों की स्थिति को भी देखा और कॉलेज में स्थापित मुख्य कंट्रोल रूम का अवलोकन कर वहां तैनात प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की। :: एसजीएसआईटीएस में 576 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा :: कॉलेज प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एसजीएसआईटीएस कॉलेज के अलग-अलग फ्लोर पर कुल 10 कक्षों (प्रति फ्लोर 2-2 कक्ष) में परीक्षा का संचालन किया जाएगा। रविवार को होने वाली इस परीक्षा में अकेले इस केंद्र पर 576 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। प्रशासन का प्रयास है कि विद्यार्थियों को शांत और तनावमुक्त वातावरण मिल सके। संभागायुक्त के इस औचक निरीक्षण और सुरक्षा समीक्षा के दौरान क्षेत्र के प्रशासनिक अमले सहित परीक्षा प्रभारी शैली कनाश और परीक्षा के नोडल अधिकारी गुप्ता मौजूद रहे। अधिकारियों ने संभागायुक्त को आश्वस्त किया कि शहर के सभी 27 केंद्रों पर यूपीएससी के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जा रहा है और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।