शाजापुर (ईएमएस)। शहर के समीप नेशनल हाईवे 52 पर स्थित लॉ कॉलेज के सामने ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर चोट की सूचना नहीं है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन एक बड़ा हादसा होने से टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रक सड़क किनारे पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 के पायलट किरण मौर्य और आरक्षक देवेंद्र ठाकुर की टीम फौरन मौके पर पहुंची। पुलिस जवानों ने स्थिति को संभालते हुए वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर किया और व्यवस्था बनाई। हादसे की वजह से हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से वाहनों की आवाजाही को जल्द ही सुचारु कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज गति और चालक का वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।