क्षेत्रीय
22-May-2026
...


शाजापुर (ईएमएस)। भीषण गर्मी और तेज हवाओं के बीच लालघाटी स्थित जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) कार्यालय के पीछे अचानक आग भड़क उठी जिससे हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की मुस्तैदी से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और विभाग के बेहद महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज जलकर खाक होने से बच गए। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे कार्यालय के पीछे स्थित खुले मैदान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। चिलचिलाती धूप और तेज हवाओं के कारण आग ने पल भर में विकराल रूप ले लिया और लपटें तेजी से कार्यालय की ओर बढ़ने लगीं। जिस स्थान पर आग लगी थी, उसके ठीक पास ही विभाग के कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड रखे हुए थे। आग को अपनी ओर बढ़ता देख वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे तुरंत कार्यालय से बाहर निकल आए। कर्मचारियों ने तुरंत घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। खबर मिलते ही दमकल विभाग की दो गाडि़यां बिना समय गंवाए मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद चारों तरफ से घेराबंदी कर आग को पूरी तरह से बुझा दिया। इस त्वरित कार्रवाई के चलते न केवल रिकॉर्ड जलने से बच गए, बल्कि एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल, खुले मैदान में अचानक भड़की इस आग के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर ऐसा प्रतीत होता है कि आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य चिंगारी की वजह से लगी होगी। प्रशासन द्वारा अब इस पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।