खरगोन (ईएमएस) । पुलिस ने बाड़े से चुराई गई बकरी मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बकरियां चुराने के लिए टुर एंड टे्रवल्स से किराये पर ली गई कार का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने बकरा-बकरियों के साथ कार को भी जब्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 16 मई को मंडलेश्वर थानाक्षेत्र के ग्राम जलूद से बकरी चोरी का मामला दर्ज कराया गया था। फरियादी ने बताया कि 8 और 9 मई की दरमियानी घर के सामने स्थित बाड़े से 8 बकरियां चोर कर ली गई है। उक्त बकरियों की आसपास के गांवों एवं साप्ताहिक हाट-बाजारों में तलाश की, लेकिन नही मिली। गठित पुलिस टीम ने चोरी के घटना स्थल एवं आसपास के आने जाने वाले सभी के संभावित रास्तों के सीसीटीव्ही फुटेजो का संकलन किया । जिसमें संदिग्ध कार नजर आई। चिन्हित कार की तलाश करने पर प्रिंस निवासी ग्राम भवानिया बुजुर्ग तह. धरमपुरी धार हाल मुकाम 108 पटले नगर इन्दौर. राजा उर्फ स्वर्णिम चौहान निवासी छोटी खरगोन और 1 बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने इंदौर की टुर एण्ड ट्रेवल्स कंपनी से किराये पर ली कार के जरिये बकरी चोरी करना स्वीकार किया। इनके कब्जे से 25 हजार रुपए कीमत की 3 बकरियां जब्त करने के साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई कार जब्त की है। ईएमएस / 22/05/2026