क्षेत्रीय
22-May-2026
...


खरगोन (ईएमएस) । खरगोन से करीब 5 किमी दूर डाबरिया रोड़ पर टे्चिंग ग्राउंड के समीप शुक्रवार को करीब 25 लाख रुपए कीमत की देशी-विदेशी शराब पर बुलडोजर चला दिया गया। यह कार्रवाई एसपी की मौजूदगी में की गई। यह शराब पुलिस ने जिले के विभिन्न थानाक्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान आबकारी एक्ट का प्रकरण बनाकर जब्त की थी। सुबह करीब 11 बजे डाबरिया रोड़ पर पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारियों का पहुंचना शुरु हुआ। इसके बाद लोडिंग वाहनों के जरिये देशी-विदेशी शराब पहुंची। कार्टन में बंद बोतलों को मैदान में फैलाया गया। दोपहर करीब 12.30 बजे एसपी रविंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे। एसपी ने शराब का निरीक्षण किया। इसके बाद शराब नष्टीकरण का निर्देश दिया। अफसरों का ईशारा मिलते ही बुलडोजर पर तैनात चालक ने पहिया बोतलों पर चला दिया। देखते ही देखते लाखों रुपए कीमत की शराब जमीन पर पानी की धारा सी बहने लगी। बुलडोजर से शराब नष्टीकरण के बाद जेसीबी की मदद से खाली, बोतलों और कांच के टूकड़ों को एकत्रित कर निस्तारण किया। एसपी वर्मा ने बताया कि यह शराब लंबे समय से थाने में जब्ती के बाद रखी हुई थी। इसे समिति बनाकर नष्ट कराया गया है। जिले के 14 थानों से 64 प्रकरणों की करीब 9 हजार लीटर देशी-विदेशी शराब जब्त की गई थी। न्यायालीयन निराकरण के बाद आज इस शराब को बुलडोजर की मदद से नष्ट किया गया। ईएमएस / 22/05/2026