व्यापार
22-May-2026


सेंसेक्स 232 अंक ऊपर, निफ्टी 23700 के पार नई दिल्ली(ईएमएस)। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक तेजी के साथ बंद हुए। इसमें ब्लू-चिप बैंक शेयरों में खरीदारी और वैश्विक बाजारों में उछाल का अहम योगदान रहा। अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में प्रगति की उम्मीदों ने भी बाजार के उत्साह को बढ़ाया। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 231.99 अंक या 0.31 फीसदी चढक़र 75,415.35 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार में यह 627.61 अंक या 0.83 फीसदी उछलकर 75,810.97 के उच्च स्तर पर पहुंच गया था। पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 64.60 अंक या 0.27 फीसदी बढक़र 23,719.30 पर समाप्त हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से ट्रेंट, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस प्रमुख लाभ में रहे। वहीं, सन फार्मा, आईटीसी, पावर ग्रिड और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स नुकसान में रहे। विशेषज्ञों ने बताया कि घरेलू बाजार में निचले स्तरों पर खरीदारी हुई। साथ ही, मध्य पूर्व में तनाव कम होने की उम्मीदों से वैश्विक संकेत भी सकारात्मक रहे। वैश्विक स्तर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता निवेश मुख्य चालक बना रहा, जबकि घरेलू स्तर पर वित्तीय शेयरों ने बढ़त दर्ज की। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.3 फीसदी चढक़र 104.7 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक तेजी के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार भी सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। गुरुवार को अमेरिकी बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने पिछले सत्र में 1,891.21 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बिकवाली के कारण पिछले दिन बाजार में गिरावट दर्ज की गई थी। गुरुवार को तीस शेयरों वाला बीएसई बेंचमार्क 135.03 अंक या 0.18 फीसदी गिरकर 75,183.36 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 4.30 अंक या 0.02 फीसदी फिसलकर 23,654.70 पर आ गया था। विनोद उपाध्याय / 22 मई, 2026