क्षेत्रीय
22-May-2026
...


बैंडबाजों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, श्री हनुमंत कथा और दिव्य दरबार का शुभारंभ रायसेन। शहर की कलेक्ट्रेट कॉलोनी वार्ड क्रमांक 4 स्थित प्राचीन हरिहर आश्रम श्री सर्व मनोकामना सिद्ध हनुमान मंदिर, रामपुर में शुक्रवार से 21 कुंडीय श्री रुद्र महायज्ञ, श्री हनुमंत कथा और दिव्य दरबार का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ हुआ। आयोजन के पहले दिन निकली भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे शहर में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। सुबह करीब 10 बजे वार्ड क्रमांक 9 स्थित मिश्र तालाब घाट के गणेश मंदिर से कलश यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करती चल रही थीं, वहीं श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज और धार्मिक पताकाएं लिए जयघोष करते नजर आए। वहीं कुछ श्रद्धालु धार्मिक भजनों पर नृत्य करते हुए शामिल हुए।ढोल-नगाड़ों और बैंडबाजों की धुनों के बीच निकली यह यात्रा इंडियन चौराहा, माता मंदिर, जिला अस्पताल मार्ग और सांची रोड से होते हुए यज्ञ स्थल प्राचीन हरिहर आश्रम श्री सिद्ध हनुमान मंदिर पहुंची। कलश यात्रा में भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रदेश उपाध्यक्ष जमना सेन, सूर्यकांत सक्सेना, भैया लाल कुशवाह एडवोकेट, संत मनीराम,बद्री पाराशर आदि शामिल हुए। कलश यात्रा में सजे रथ पर विराजमान भोलेस्वरूप ब्रह्मचारी सरकार महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। आयोजन समिति के सदस्य और कॉलोनीवासी भी पूरे उत्साह के साथ शामिल रहे। आयोजन समिति के अनुसार 22 मई से 28 मई तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महायज्ञ संपन्न होगा। यज्ञ का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं श्री हनुमंत कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रभु इच्छा तक आयोजित होगी। यज्ञाचार्य पंडित रामजी कृष्ण महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। धार्मिक आयोजन के अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा, जिसमें भक्तों को आध्यात्मिक संदेश और धार्मिक मार्गदर्शन मिलेगा। आयोजन में जिले सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और धार्मिक ध्वजों से सजाया गया है। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल, प्रसादी और वाहन पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की गई हैं। इस धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।