क्षेत्रीय
22-May-2026
...


(22पीआर36जीडब्ल्यू) - डॉक्टर गायब, सफाईकर्मी ने नापा गर्भवती का ब्लड प्रेशर जबलपुर, (ईएमएस)। मनमोहन नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार देर रात अस्पताल में लापरवाही की सारी हदें पार हो गईं, जब ड्यूटी से डॉक्टर नदारद मिले और एक नर्स ने सफाईकर्मी से ही आठ महीने की गर्भवती महिला का ब्लड प्रेशर नापने को कह दिया। इस बदहाली को देखकर अस्पताल पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने परिसर में जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने तत्काल एक्शन लेते हुए ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है खुद संभालनी पड़ी व्हीलचेयर........ जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात सड़क हादसे में घायल एक बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए युवा कांग्रेस के शहर अध्यक्ष सोनू कुकरेले और उनके साथी मनमोहन नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। लेकिन अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंचते ही वहां का नजारा देखकर सब हैरान रह गए। हादसे की शिकार तड़पती बुजुर्ग महिला को अंदर ले जाने के लिए अस्पताल का कोई भी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी या वार्ड बॉय मौजूद नहीं था। हालत यह थी कि गेट पर व्हीलचेयर तो रखी थी, लेकिन उसे चलाने वाला कोई नहीं था। मजबूरन युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोनू कुकरेले ने खुद बुजुर्ग महिला को व्हीलचेयर पर बैठाया और धक्का लगाते हुए अस्पताल के भीतर पहुंचाया।ड्यूटी डॉक्टर गायब, सफाईकर्मी के भरोसे छोड़ दी मरीजों की जान जब कार्यकर्ता घायल महिला को लेकर अंदर पहुंचे, तो अव्यवस्था का आलम और भी भयावह था। अस्पताल से ड्यूटी डॉक्टर पूरी तरह गायब थे और आपातकालीन सुविधाएं ठप पड़ी थीं। पूरे अस्पताल में महज एक नर्स और एक सफाईकर्मी ही मौजूद थे, जो अपने स्तर पर मरीजों को देख रहे थे।इसी दौरान वहां इलाज के लिए एक 8 महीने की गर्भवती महिला पहुंची। डॉक्टरों की अनुपस्थिति के बीच हैरान करने वाला वाकया तब घटा, जब ड्यूटी पर मौजूद एकमात्र नर्स ने वहां के सफाईकर्मी को ही गर्भवती महिला का ब्लड प्रेशर (BP) जांचने के निर्देश दे दिए। सफाईकर्मी को मेडिकल उपकरण संभालते और मरीज की जांच करते देख अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क उठा। युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सोनू कुकरेले और अभ्युत बाजपेयी ने कहा यह स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के नाम पर खिलवाड़ है। जहां डॉक्टरों को होना चाहिए, वहां सफाईकर्मी मरीजों का इलाज कर रहे हैं। आम जनता की जिंदगी को इस तरह राम भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। अस्पताल में प्रदर्शन मौके पर पर पहुंचे सीएमएचओ ... लापरवाही के लाइव सबूत सामने आने के बाद युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर के भीतर ही धरने पर बैठकर जमकर नारेबाजी और उग्र विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आधी रात को सरकारी अस्पताल में भारी हंगामे की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। मामले को बिगड़ता देख प्रभारी सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी खुद दलबल के साथ देर रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाराज कार्यकर्ताओं और मरीजों के परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और पूरी घटना की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। इस अवसर पर भानु यादव, राजा रैकवार, समीर गढ़वाल, बसंत ठाकुर, शिशांत सिंह ठाकुर, शिवम् यादव, शिवम् हल्कादर, प्रवीण चौधरी, कार्तिक नामदेव आदि उपस्थित रहे। डॉक्टर नरेश सोंधिया को कारण बताओ नोटिस...... इस पूरे मामले में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने घटना को बेहद गंभीर और चिकित्सा प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना है। मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने गुरुवार रात को ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर नरेश सोंधिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। डॉक्टर सोंधिया से पूछा गया है कि आपातकालीन ड्यूटी के दौरान वे अस्पताल से क्यों नदारद थे और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए? सुनील साहू / मोनिका / 22 मई 2026 / 06.22