- स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक में पर्यटन प्रबंधन जबलपुर, (ईएमएस)। पेंच टाइगर रिजर्व की स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक खवासा में संभागायुक्त धनंजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बरघाट और चौरई क्षेत्र के विधायक, सिवनी एवं छिंदवाड़ा के कलेक्टर, वन मंडलाधिकारी तथा क्षेत्र संचालक सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक में पेंच टाइगर रिजर्व की भौगोलिक स्थिति, कार्यक्षेत्र और पर्यटन गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। क्षेत्र संचालक ने बताया कि वर्ष 2021 में जारी राजपत्र के अनुसार बफर जोन से लगे गांवों के विद्यार्थियों और ईको विकास समितियों के सदस्यों को अध्ययन भ्रमण की सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है, ताकि उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ सके। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों के वन विभागों से जुड़े प्रशिक्षण संस्थानों के छात्रों और प्रशिक्षुओं को भी अध्ययन यात्राएं कराई जाती हैं। पर्यटन वाहनों की फिटनेस जांच होगी अनिवार्य ... बैठक में पर्यटन प्रबंधन को लेकर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में पेंच टाइगर रिजर्व में 342 पर्यटन वाहन पंजीकृत हैं। पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले सभी वाहनों की फिटनेस जांच और निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण कराने का प्रावधान है। समिति ने निर्देश दिए कि सभी पर्यटन वाहनों की जांच नियमानुसार कराई जाए और वन विभाग द्वारा तय दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में यह भी कहा गया कि पर्यटन गतिविधियों के बेहतर संचालन के साथ स्थानीय लोगों को अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। सुनील साहू / मोनिका / 22 मई 2026 / 06.22