राज्य
22-May-2026


मेधावी छात्र छात्राओं को किया गया सम्मानित देहरादून (ईएमएस)। डीएवी इंटर कॉलेज, प्रेमनगर में आज ब्रह्नकमल शक्ति संस्था के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर कौलागढ़, प्रेमनगर, पण्डितवाड़ी, बल्लूपुर एवं कैंट स्थित पांच विद्यालयों के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में उत्तीर्ण मेधावी छात्र-छात्राओं, उनके परिजनों, गुरुजनों एवं प्रधानाचार्यों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुल 289 छात्र-छात्राओं, 180 अभिभावक एवं 27 गुरुजनों व प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया, जिससे समारोह का वातावरण उत्साह, गर्व एवं प्रेरणा से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि शिक्षा केवल सफलता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक सशक्त एवं विकसित समाज की नींव है। उन्होंने कहा कि आज के मेधावी युवा ही आने वाले समय में उत्तराखंड एवं देश की दिशा और दशा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि मेधावी युवा समाज, प्रदेश व राष्ट्रनिर्माण का भविष्य हैं अतः ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया। समारोह में खण्ड विकास अधिकारी कुंदन सिंह, प्रधानाचार्य विजय सिंह राजपूत, संस्था उपाध्यक्ष अमिता आहूजा, शालिनी कुडि़याल, शिवानी पेटवाल प्रधानाचार्या जीजीआईसी कौलागढ़, पूनम नेगी प्रधानाचार्या गोरखा मिलिटरी इंटर कॉलेज, अनीता जोशी प्रधानाचार्या भवानी बालिका इंटर कॉलेज, बल्लूपुर, डीएवी प्रेमनगर विद्यालय के 1969 बैच के पूर्व छात्र अर्जुन कोहली, अवदेश कुमार आदि उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/22 मई 2026