मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय टीम के पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से खेल रहे गेंदबाज कार्तिक त्यागी की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उसने इस सत्र में काफी अच्छा प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया है। रैना ने कहा कि इस गेंदबाज को पिछली बार किसी ने भी नहीं खरीदा था ऐसे में देखा जाये तो इस बार उसकी वापसी धमाकेदार रही। उनके मुताबिक, लीग से बाहर रहने के इस समय का इस गेंदबाज ने सही तरीके से उपयोग किया। इस दौरान उन्होंने खेल के मैदान से दूर रहकर अपने शरीर और मन दोनों पर काम किया। उन्होंने अपनी फिटनेस पर गहन काम किया, पुरानी चोटों से उबरने के लिए समर्पित रहे और अपने खेल को फिर से धार दी। रैना के अनुसार, 2025 की नीलामी में न बिकना उनके लिए एक ब्रेक का अवसर बन गया, जिसने उन्हें अपने शरीर और फॉर्म को पूरी तरह से बेहतर बनाने में मदद की। इस सीजन में कार्तिक के प्रदर्शन में आया बदलाव वाकई असाधारण रहा है। उन्होंने 13 मैचों में 18 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए हैं, जो पिछले कुछ वर्षों में उनके बेहद कम मैचों में खेलने और सीमित सफलता हासिल करने के बिल्कुल उलट है। रैना ने कहा, कार्तिक निश्चित रूप से इस आईपीएल सत्र की वापसी की कहानी हैं। उन्होंने अपनी फिटनेस पर बहुत मेहनत की है और उसका उन्हें सीधा फायदा मिला है। रैना ने कहा, 2022 में उन्होंने केवल दो मैच खेले और एक विकेट लिया, 2023 में तीन मैच खेलकर एक विकेट लिया और 2024 में तो वे सिर्फ एक मैच ही खेल पाए थे। 2025 की नीलामी में किसी ने उन्हें नहीं खरीदा। वहीं इस सीजन में, उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 13 मैच खेले हैं और 18 विकेट लिए हैं। उन्होंने आगे उम्मीद जताई कि इस गेंदबाज के लिए आगे भी कई और सफल सीजन आएंगे। रैना का मानना है कि अगर वह अपनी फिटनेस और फॉर्म को बनाए रखते हैं, तो उन्हें भारत के लिए खेलने से कोई नहीं रोक सकता। गिरजा/ईएमएस 23मई 2026