क्षेत्रीय
23-May-2026
...


मोतिहारी, (ईएमएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के शिकारगंज थाना क्षेत्र के चमही गांव में महज एक फीट जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसियों के बीच चल रहे झगड़े में 33 वर्षीय युवक आलोक पटेल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान चमही गांव निवासी रामचंद्र राउत के बेटे आलोक पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव के ही शंकर साह और उनके परिवार के साथ जमीन को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। मामले को सुलझाने के लिए कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन तनाव लगातार बना हुआ था। जानकारी के अनुसार, विवाद को खत्म करने के लिए 25 मई को अमीन बुलाकर जमीन की नापी कराने का निर्णय लिया गया था। परिवार को उम्मीद थी कि नापी के बाद मामला शांत हो जाएगा, लेकिन उससे पहले ही हिंसक घटना हो गई। परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार शाम शंकर साह अपने परिवार के कुछ लोगों के साथ आलोक के घर पहुंचे। वहां पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का-मुक्की होने लगी। इसी दौरान आलोक अपने पिता को बचाने के लिए आगे आया। आरोप है कि तभी संतोष साह ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू उसके सीने में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिवार और ग्रामीण उसे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना में आलोक के पिता भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। वारदात की सूचना मिलते ही शिकारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संतोष साह को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। - २३ मई/२०२६/ईएमएस