क्षेत्रीय
23-May-2026
...


नर्मदापुरम (ईएमएस)। जनपद पंचायत नर्मदापुरम अंतर्गत ग्राम पंचायत कुलामड़ी के ग्राम पथोड़ी में सड़क के समीप रहने वाले ग्रामीणों द्वारा पानी निकासी हेतु पाइप क्रॉसिंग बनाए जाने की मांग को लेकर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई गई थी। उक्त शिकायत पर कलेक्टर नर्मदापुरम द्वारा रंजीत ताराम सीईओ जनपद पंचायत नर्मदापुरम को आवश्यक कार्यवाही एवं निराकरण हेतु निर्देशित किया गया। कलेक्टर के निर्देशों के पालन में सीईओ जनपद पंचायत नर्मदापुरम रंजीत ताराम के नेतृत्व में बीपीओ रेवाशंकर लोवंशी, एडीईओ टीनम विश्वकर्मा, उपयंत्री प्रिया सूरमा, पटवारी देवेन्द्र जाटव, सहायक मानचित्रकार मोहन बानिया तथा सचिव किरण चौरे द्वारा मौके पर पहुंचकर शिकायतकर्ता एवं अन्य ग्रामीणों की उपस्थिति में समस्या का निरीक्षण एवं चर्चा की गई। निरीक्षण उपरांत सड़क पर पाइप क्रॉसिंग डालकर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था किए जाने की रणनीति बनाई गई, जिस पर उपस्थित सभी ग्रामीणों द्वारा सहमति व्यक्त की गई। सीईओ श्री ताराम ने उक्त कार्य को अतिशीघ्र पूर्ण कराने हेतु सचिव किरण चौरे को आवश्यक निर्देश दिए। शिकायतकर्ता द्वारा किए गए निराकरण पर संतोष व्यक्त करते हुए पंचनामा तैयार कर शिकायत को समाप्त किए जाने पर सहमति प्रदान की गई। .../ 23 मई /2026