- मशीन जब्त कर शुरू की कानूनी प्रक्रिया गरियाबंद (ईएमएस)। जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर बीएस उइके के निर्देश पर राजिम तहसील क्षेत्र के ग्राम चौबेबांधा स्थित पैरी नदी इलाके में शिकायत मिलने के बाद संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत निकासी किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन जब्त कर ली गई। जब्त मशीन को सुरक्षा की दृष्टि से पाण्डुका थाना परिसर में रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और तत्काल कार्रवाई की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ खान एवं खनिज संबंधी प्रावधानों और राज्य के खनिज नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण प्राथमिकता में है। इसके लिए गठित टास्क फोर्स समिति लगातार निगरानी कर रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। - (ईएमएस)23 मई 2026