महासमुंद (ईएमएस)।राज्य सरकार के निर्देशों के तहत अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह महासमुंद जिले में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान पिथौरा तहसील के ग्राम बल्दीडीह स्थित जोंक नदी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया। जांच में मौके पर दो चैन माउंटेन मशीनें रेत खनन कार्य में लगी मिलीं, जबकि तीन हाइवा और चार ट्रैक्टर रेत परिवहन करते पाए गए। जांच टीम ने जब संबंधित लोगों से खनन और परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वे कोई वैध अनुमति, अभिवाहन पास या स्वीकृत आदेश प्रस्तुत नहीं कर सके। साथ ही यह भी पाया गया कि स्वीकृत खदान क्षेत्र से बाहर रेत का उत्खनन किया जा रहा था। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल अवैध खनन गतिविधियों को बंद कराया और मौके पर मौजूद दोनों चैन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील कर दिया। फिलहाल मशीनों को आगामी आदेश तक खदान मुंशी की सुपुर्दगी में रखा गया है। इसके अलावा संबंधित खदान संचालक को नोटिस भी जारी किया गया है। कार्रवाई के दौरान रेत परिवहन में उपयोग किए जा रहे तीन हाइवा और चार ट्रैक्टरों को भी जब्त कर लिया गया। सभी वाहनों को पुलिस थाना साकरा की निगरानी में थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। गौरतलब है कि इससे पहले भी खनिज विभाग ने मंदिर हसौद क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो चूना पत्थर खदानों को सील किया था और सात हाइवा वाहनों को जब्त किया गया था। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद खनन कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल बढ़ गई है। - (ईएमएस)23 मई 2026