जशपुर (ईएमएस)। जिले में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति अभी भी सामान्य नहीं हो पाई है। गम्हरिया स्थित पेट्रोल पंप पर जहां ईंधन पूरी तरह समाप्त हो गया, वहीं अन्य पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए लंबी कतारें देखने को मिलीं। इस बीच जिला प्रशासन ने यातायात नियमों के पालन को लेकर नया आदेश जारी किया है, जिसके तहत अब दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। हालांकि यह नियम सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लागू किया गया है, लेकिन मौजूदा ईंधन संकट के बीच इसे लेकर लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई ऐसे वाहन चालक जो बिना हेलमेट पेट्रोल पंप पहुंचे थे, उन्हें बिना ईंधन भरवाए ही वापस लौटना पड़ा। कुछ लोगों को मजबूरी में घर जाकर हेलमेट लाना पड़ा, जिसके बाद ही वे दोबारा पेट्रोल पंप पहुंच पाए। इसी दौरान हेलमेट पहनकर आए वाहन चालकों की लंबी लाइनें भी लग गईं। शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी के बावजूद पेट्रोल पंपों पर भीड़ कम नहीं हुई और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर पेट्रोल-डीजल की कमी और दूसरी ओर नए नियमों के कारण स्थिति और कठिन हो गई है, जिससे आम जनता की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। - (ईएमएस)23 मई 2026