96 साल पुराना वो रिकॉर्ड, जिसे आज तक नहीं तोड़ पाया कोई बल्लेबाज, नई दिल्ली (ईएमएस)। क्रिकेट के इतिहास में कई रिकॉर्ड बनते और टूटते रहे हैं, लेकिन कुछ उपलब्धियां ऐसी होती हैं जो दशकों बाद भी अटूट बनी रहती हैं। ऐसा ही एक हैरतअंगेज रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन के नाम दर्ज है, जिन्होंने आज से 96 साल पहले टेस्ट क्रिकेट में ऐसा कारनामा किया था, जिसे आधुनिक दौर के विस्फोटक बल्लेबाज भी नहीं दोहरा सके हैं। ब्रैडमैन ने एक ही दिन के खेल में 309 रन बनाकर क्रिकेट जगत को स्तब्ध कर दिया था और उनका यह रिकॉर्ड आज भी कायम है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि साल 1930 में इंग्लैंड दौरे के दौरान देखने को मिली थी। लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के पहले दिन ब्रैडमैन ने इंग्लिश गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने पूरे दिन आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 309 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में आज तक कोई भी बल्लेबाज एक ही दिन में तिहरा शतक नहीं लगा पाया है। बाद में ब्रैडमैन ने अपनी पारी को 334 रन तक पहुंचाया, जो उस दौर में किसी चमत्कार से कम नहीं माना गया। ब्रैडमैन का नाम इस सूची में दो बार शामिल है। उन्होंने 1934 में भी इंग्लैंड के खिलाफ एक दिन में 271 रन बनाए थे। वहीं इंग्लैंड के डब्ल्यू आर हैमंड ने 1933 में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक दिन में 295 रन बनाए थे। भारत की ओर से इस खास सूची में वीरेंद्र सहवाग का नाम दर्ज है। सहवाग ने 2009 में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ पहले ही दिन नाबाद 284 रन ठोक दिए थे। हालांकि वह भी ब्रैडमैन के रिकॉर्ड तक नहीं पहुंच सके। आधुनिक क्रिकेट में बल्लेबाजी का अंदाज पूरी तरह बदल चुका है। टी20 और वनडे क्रिकेट के प्रभाव से टेस्ट क्रिकेट में भी तेजी से रन बनने लगे हैं। इंग्लैंड की ‘बैजबॉल’ रणनीति ने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने की आजादी दी है। इसके बावजूद एक दिन में 309 रन बनाना आज भी बेहद मुश्किल माना जाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत के यशस्वी जायसवाल, इंग्लैंड के हैरी ब्रूक और ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड जैसे आक्रामक बल्लेबाज भविष्य में इस रिकॉर्ड को चुनौती दे सकते हैं। फिर भी सर डॉन ब्रैडमैन का यह ऐतिहासिक कारनामा क्रिकेट इतिहास की सबसे महान उपलब्धियों में गिना जाता है और इसे तोड़ना आज भी लगभग नामुमकिन माना जाता है। डेविड/ईएमएस 23 जून 2026