क्षेत्रीय
23-May-2026
...


- 6 से 10 लाख में परीक्षा पास कराने का खेल, बिहार से जुड़े हैं तार - परीक्षा केंद्र के अधीक्षक और आईटी कर्मी समेत चार गिरफ्तार रांची (ईएमएस)। झारखंड की राजधानी रांची के टाटीसिलवे स्थित एक परीक्षा केंद्र में ऑनलाइन सिस्टम हैक कर अभ्यर्थियों को पास कराने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रांची पुलिस ने परीक्षा केंद्र के अधीक्षक और आईटी कर्मी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संगठित गिरोह के तार पड़ोसी राज्य बिहार से जुड़े हैं, जो बिहार के बिचौलियों के जरिए अभ्यर्थियों की सेटिंग कराते थे और परीक्षा पास कराने के एवज में प्रति अभ्यर्थी 6 से 10 लाख रुपये वसूलते थे। अकेले मई महीने में रांची के भीतर ऑनलाइन परीक्षा में फर्जीवाड़े का यह दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। ताजा मामला टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के डोल बगीचा स्थित जीनियस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का है, जहाँ कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) द्वारा आयोजित जीडी कांस्टेबल परीक्षा-2026 चल रही थी। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले एक इनविजिलेटर (वीक्षक) के कहने पर एक अभ्यर्थी का कंप्यूटर सिस्टम रीस्टार्ट कराया गया, जो कि मानक प्रक्रिया के खिलाफ था। पुलिस को तुरंत संदेह हुआ कि स्क्रीन मिररिंग और रिमोट एक्सेस (आईपी एड्रेस) के जरिए प्रश्नपत्र को बाहर से हल कराया जा रहा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थी मृत्युंजय कुमार यादव और इनविजिलेटर संजीत कुमार को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ के बाद इस पूरे नेक्सस का खुलासा हुआ। पुलिस ने परीक्षा केंद्र के ठीक सामने एक किराए के मकान पर छापेमारी की, जहाँ सेंटर अधीक्षक विकास कुमार और आईटी कर्मी मुन्ना राज बैठकर इंटरनेट के जरिए परीक्षा सिस्टम को हैक कर रहे थे। पुलिस ने वहां से 1 कंप्यूटर सिस्टम, 3 मोबाइल फोन, विद्यार्थियों के ब्लैंक चेक, मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र और कई अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में भी ऐसा ही फर्जीवाड़ा पकड़ा गया था, जहाँ 6 कंप्यूटर सिस्टम को हैक कर स्वचालित तरीके से प्रश्नों को हल किया जा रहा था। लगातार आ रहे इन मामलों ने ऑनलाइन परीक्षाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामयश/ईएमएस 23 मई 2026