गुना (ईएमएस)। । जिले के धरनावदा थाना क्षेत्र की झागर चौकी अंतर्गत ग्राम धाननखेड़ी में 45 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक की पहचान जगदीश धाकड़ निवासी धाननखेड़ी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि जगदीश शुक्रवार को पूरी तरह सामान्य थे। दोपहर में खाना खाने के बाद सो गए थे। शाम करीब 5 बजे जब परिजनों ने कमरे में उन्हें देखा तो वह मृत अवस्था में पड़े मिले। उस समय बच्चे गुना में थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस शाम करीब 7 बजे उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार मृतक खेती-किसानी का काम करते थे और उनका गुना तथा गांव के बीच आना-जाना लगा रहता था। गत वर्ष हुए एक सड़क हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद से उनका मानसिक संतुलन भी पूरी तरह ठीक नहीं रहता था। बताया गया कि तीन दिन पहले ही उनका इंदौर के एक अस्पताल से इलाज कराकर परिवार गांव लौटा था। पुलिस ने शनिवार को शव का पीएम कराकर शव परिजनों सौंपा | वही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।