जबलपुर (ईएमएस)। उपनगरीय क्षेत्र रांझी के बड़ा पत्थर इलाके में शराब दुकान खोले जाने का पिछले कई दिनों से क्षेत्रीय नागरिक व राजनैतिक दल विरोध कर रहे थे। इस मामले में जहां कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी पिछले एक पखवाड़े से धरना प्रदर्शन कर रहे थें वहीं विरोध के इसी क्रम में आज भाजपा पार्षद दल ने एक कदम आगे बढ़ते हुए विवादित शराब दुकान पर तालाबंदी कर दी। इस संबंध में एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी ने बताया कि रांझी शराब दुकान को लेकर विगत दिवस क्षेत्रीय नागरिकों ने विधायक अशोक रोहाणी से मुलाकात कर चर्चा के दौरान विधायक रोहाणी को बताया था कि उक्त शराब दुकान खुलने के बाद से वहां असामाजिक गतिविधियां बढ़ गई है। चूंकि यहां समीप ही सब्जी मंडी व मंदिर स्थित है,लिहाजा महिलाओं का वहां आना जाना लगा रहता है। शराब दुकान खुलने से सबसे ज्यादा महिलाओं को परेशानी हो रही है। जिसके बाद विधायक ने आश्वासन दिया था कि दो दिन के अंदर दुकान को हटवा दिया जाएगा। इसी क्रम में आज शराब दुकान पर पहुंचकर इसकी तालाबंदी कर दी गई है। अब यह बड़ा पत्थर की शराब दुकान बंद रहेगी। तालाबंदी के दौरान एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी, मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सिंह,पार्षद निशांत झरिया,संतोषी ठाकुर,अनुराग दहिया,आदि मौजूद थे। गौरतलब हो कि शराब दुकान बंद करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता भी प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके बाद विगत दिवस मौके पर पहुंची एसडीएम ने दुकान हटवाने का आश्वासन देकर धरना स्थगित कराया था। - 23 मई 2026/ 01.26