- ममता बनर्जी ने पार्षदों संग बैठक में दिए निर्देश कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में सड़कों पर नमाज पढ़ने पर राज्य सरकार द्वारा लगाई गई पाबंदी के खिलाफ अब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मेटियाबुरुज क्षेत्र की एक टीएमसी पार्षद को इस प्रतिबंध के खिलाफ जल्द से जल्द अदालत का दरवाजा खटखटाने और याचिका दायर करने का स्पष्ट निर्देश दिया है। यह मुद्दा शुक्रवार को ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर आयोजित कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के टीएमसी पार्षदों की एक अहम बैठक के दौरान गरमाया। बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार के बाद बुलाई गई इस संगठनात्मक बैठक में राज्य सरकार की ओर से सड़कों पर नमाज रोकने के फैसले पर विस्तृत चर्चा हुई। सूत्रों का दावा है कि चर्चा के दौरान ही ममता बनर्जी ने संबंधित पार्षद को तत्काल कोर्ट जाने के लिए कहा। इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि नगर निकाय का शुक्रवार को होने वाला मासिक सत्र भी एक दिन पहले अचानक रद्द कर दिया गया था। दरअसल, केएमसी में टीएमसी पार्षदों के बीच जमीनी तैयारियों की समीक्षा के लिए यह बैठक की गई थी, क्योंकि साल 2026 के अंत तक यहाँ नगर निगम के चुनाव होने तय हैं। दूसरी तरफ, राज्य सरकार के कड़े रुख और प्रशासनिक सख्ती का असर अब जमीन पर भी दिखने लगा है। शुक्रवार को कोलकाता के प्रमुख मुस्लिम बहुल इलाकों जैसे राजाबाजार, तपसिया, पार्क सर्कस और तिलजला में सड़कों को रोककर नमाज नहीं पढ़ी गई। प्रशासन की मुस्तैदी को देखते हुए मस्जिदों के भीतर ही दो चरणों में जुम्मे की नमाज अदा करने के विशेष इंतजाम किए गए थे, जिसके बाद सभी अकीदतमंदों ने बिना किसी विवाद के मस्जिदों के अंदर ही शांतिपूर्ण तरीके से नमाज पूरी की। रामयश/ईएमएस 23 मई 2026