राज्य
23-May-2026


* पूरी रात लाइन में खड़े रहने के बाद भी मिल रहा केवल 1000 रुपये का डीजल राजकोट (ईएमएस)| जिले के जसदण तहसील के किसानों के लिए डीजल प्राप्त करना बड़ी समस्या बन गया है। जानकारी के अनुसार, आटकोट रोड स्थित पेट्रोल पंप पर किसान रात आठ बजे से ही अपने ट्रैक्टर और वाहनों के साथ लाइन में लग जाते हैं। पूरी रात इंतजार करने के बावजूद उन्हें केवल एक हजार रुपये का ही डीजल दिया जा रहा है। डीजल की कमी जैसी स्थिति से किसानों में भारी चिंता और नाराजगी देखने को मिल रही है। गर्मी के मौसम में खेतों में खड़ी फसलों को बचाने के लिए सिंचाई बेहद जरूरी हो गई है। खासकर जिन क्षेत्रों में बोरवेल या डीजल पंप के जरिए सिंचाई की जाती है, वहां डीजल के बिना खेती का काम ठप पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर फसलों को पानी नहीं मिला तो उनकी पूरी मेहनत बर्बाद हो सकती है और फसल सूखने का खतरा बढ़ जाएगा। राजकोट जिले के कई गांवों से किसान 15 से 20 किलोमीटर दूर से ट्रैक्टर लेकर डीजल लेने पहुंच रहे हैं। कुछ किसानों के अनुसार, डीजल लेने आने-जाने में ही लगभग 500 रुपये का ईंधन खर्च हो जाता है। इसके बावजूद पर्याप्त डीजल नहीं मिलने से खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। किसान पूरी रात जागकर अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं। किसानों ने राज्य और केंद्र सरकार से डीजल वितरण की सीमा बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रत्येक किसान को कम से कम 50 लीटर डीजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि सिंचाई और खेती से जुड़े कार्य सुचारु रूप से चल सकें। वर्तमान स्थिति में कई किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए भारी संघर्ष करना पड़ रहा है। डीजल की कमी जैसी स्थिति ने ग्रामीण इलाकों में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। किसानों को उम्मीद है कि सरकार और संबंधित विभाग जल्द उचित निर्णय लेकर खेती के लिए पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराएंगे, जिससे खड़ी फसलों को नुकसान से बचाया जा सके। सतीश/23 मई