कांकेर(ईएमएस)। जिले के विकासखंड दुर्गूकोंदल के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) लोहत्तर में पिछले तीन वर्षों से सोलर पैनल और उससे जुड़ी मशीनरी खराब होने का मामला सामने आया है। सौर ऊर्जा व्यवस्था बंद होने से अस्पताल की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिसका सीधा असर मरीजों की सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि बिजली बाधित रहने की स्थिति में इलाज और अन्य आवश्यक सेवाओं के संचालन में लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इधर, भाजयुमो महामंत्री राहुल जाम्भुरकर ने आरोप लगाया है कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई बार क्रेड़ा विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में लिखित और मौखिक रूप से जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि खराब पड़े सोलर सिस्टम की जल्द मरम्मत कर स्वास्थ्य केंद्र में नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को परेशानी न हो। ईएमएस(राकेश गुप्ता)23 मई 2026