क्षेत्रीय
23-May-2026
...


- नगर पालिका अध्यक्ष ने कर्मचारियों को लगाई फटकार - त्वरित काम निपटाने के दिए निर्देश कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा नगर पालिका के रहमानिया नगर वार्ड में पिछले एक हफ्ते से जल की किल्लत ने आखिरकार विकराल रूप ले लिया है। जानकारी के अनुसार वार्ड में पिछले 7 दिनों से जल आपूर्ति पूरी तरह से ठप्प है, जिससे स्थानीय निवासियों को भीषण गर्मी के इस मौसम में बूंद-बूंद जल के लिए तरसना पड़ रहा है। जल के लिए मचे इस हाहाकार से परेशान और आक्रोशित वार्ड वासियों का सब्र आखिरकार आज टूट गया। बताया जा रहा हैं कि जल समस्या से जूझ रहे वार्ड के दर्जनों नागरिक एकजुट होकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। निवासियों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी और जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने मांग की। जैसे ही इस गंभीर समस्या की भनक नगर पालिका अध्यक्ष को लगी, वे तुरंत हरकत में आ गईं। वार्ड वासियों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने संबंधित विभाग के लापरवाह कर्मचारियों और अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए त्वरित काम निपटाने के निर्देश दिए। इसी के साथ ही पालिका अध्यक्ष ने आक्रोशित वार्ड वासियों को आश्वासन दिया है कि जल्द से जल्द रहमानिया नगर वार्ड में जल व्यवस्था पूरी तरह से बहाल कर दी जाएगी, जिससे लोगों को इस गंभीर जल संकट से राहत मिलेगी। 23 मई / मित्तल