क्षेत्रीय
23-May-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। जनपद के लाइनपार थाना क्षेत्र के मीरा चौराहा के पास सेंट जोंस स्कूल वाली गली में स्थित फारूकी ग्लास फैक्ट्री में बीती रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री मालिक समर मित्तल मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से आसपास की फैक्ट्रियों और मकानों को चपेट में आने से बचा लिया गया। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक आग से फैक्ट्री को भारी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। - ईएमएस फिरोजाबाद