नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टीम ने एक मुठभेड़ के बाद सौरभ को गिरफ्तार कर लिया है। सौरभ पर 20 मई को कालकाजी के गोविंदपुरी इलाके में एक गृहिणी और उसके 13 साल के बेटे की उनके ही घर में चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सौरभ मृतक महिला शारदा का चचेरा भाई है और लूटपाट के लिए इसने हत्याकांड को अंजाम दिया है। आरोपी सौरभ संगम विहार में रहता है और उसे पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दक्षिण-पूर्वी जिले के गोविंदपुरी थाना इलाके में मां शारदा साहू (38) और बेटा खुशहाल (13) की बुधवार देर रात बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। मां के शरीर पर चाकू से 10 से ज्यादा व बेटे के शरीर पर 8 से ज्यादा चाकू के घाव मिले। घर से नकदी व गहने गायब मिले। दक्षिण-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हेमंत तिवारी ने बताया घटना की सूचना रात एक बजकर 11 मिनट पर मिली। फल व सब्जियां बेचने का काम करने वाले शिकायतकर्ता उत्तर प्रदेश के बदायूं जिला स्थित ग्राम अडौली, पोस्ट उजियानी निवासी विष्णु साहू रात करीब साढ़े 12 बजे जब घर पहुंचे तो मेन गेट बाहर से बंद मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर उनके होश उड़ गए। पत्नी शारदा और बेटे खुशहाल का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। उनके शरीर पर चाकू से काफी निशान थे और दोनों की मौके पर मौत हो चुकी थी। पुलिस उपायुक्त ने बताया था कि घर की अलमारियों से कुछ नकदी और आभूषण गायब थे। ऐसे में अंदेशा है कि लूटपाट के मकसद से हत्या की गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना करने और साक्ष्य जुटाने के लिए अपराध शाखा व फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया। पुलिस ने हत्या और लूटपाट आदि धाराओं में मामला दर्ज किया है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/23/ मई/2026