क्षेत्रीय
23-May-2026


ग्वालियर ( ईएमएस ) । जल संरक्षण और पारंपरिक जल स्रोतों के संवर्धन को लेकर चलाए जा रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत गंगा दशहरा के अवसर पर 25 मई 2026 को मेहराब साहब की तलैया, गोल पहाड़िया पर प्रातः 8:00 बजे से श्रमदान एवं शाम 5:30 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुओं, बावड़ियों और तालाबों जैसी जल संरचनाओं को संरक्षित एवं पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 25 मई को प्रातः 8:00 बजे मेहराब साहब की तलैया पर श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत तालाब की साफ-सफाई कर जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा सके। इसके अलावा सायं 5:30 बजे स्थल पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। नगर निगम ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है।