दावा-आपत्तियों के समय पर निराकरण एवं युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के दिए निर्देश कटनी (ईएमएस)। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में कटनी जिले में फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण-2026 का कार्य तेजी से चल रहा है। इस प्रक्रिया की निगरानी और दावे-आपत्तियों के पर्यवेक्षण के लिए आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक राज्य प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री अनूप तिवारी द्वारा शुक्रवार को नगर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची कार्यों का जायजा लिया। प्रेक्षक द्वारा नगर निगम सीमांतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान प्राधिकृत अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की गई तथा प्राप्त दावा-आपत्तियों की जांच भी प्रेक्षक द्वारा की गई। इस दौरान पुनरीक्षण कार्य से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली गई। प्रेक्षक ने निर्देश दिए कि दावा - आपत्तियां नियमानुसार प्राप्त की जाएं तथा ऐसे युवा मतदाता, जिन्होंने 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, उनके नाम अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में जोड़े जाएं। साथ ही मृत, स्थानांतरित एवं रिपीट मतदाताओं की पहचान कर उनके नाम सूची से हटाने के निर्देश भी दिए गए। भ्रमण के दौरान प्रेक्षक राज्य निर्वाचन आयोग श्री अनूप तिवारी के साथ में तहसीलदार कटनी नगर आकाश नीरज,पंचायत निर्वाचन प्रभारी रामसहाय बर्मन, नगर जनगणना अधिकारी श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ईएमएस/मोहने/ 23 मई 2026