अधिकारी रोजाना कर रहे सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग कटनी (ईएमएस)। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के निर्धारित मानकों के अनुरूप नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु नगर निगम प्रशासन द्वारा विशेष सफाई अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। शहर के विभिन्न वार्डों में नियमित साफ-सफाई, कचरा संग्रहण, नालियों की सफाई एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ-साथ व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग भी की जा रही है। नगर निगम द्वारा स्वच्छता कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से मैदानी अमले द्वारा नियमित निगरानी की जा रही है। अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है तथा संबंधित कर्मचारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही नागरिकों को भी स्वच्छता बनाए रखने, कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने तथा गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यहाँ चला सफाई अभियान स्वच्छ सर्वेक्षण एवं दैनिक सफाई व्यवस्था के मद्देनजर शनिवार प्रातः पन्ना मोड,बस स्टैंड, जगन्नाथ चौक से गर्ग चौराहा, बरही रोड़, स्टेशन चौराहा से सुभाष चौक, गोल बाजार, झंडा बाजार, अलफर्ट गंज, विश्वकर्मा पार्क से गणेश चौक, कोतवाली परिसर, मिशन चौक, बरगवां मुख्य मार्ग, दुबे कॉलोनी, तिलक कॉलेज मार्ग, दुबे कॉलोनी, लखेरा, झर्रा टिकुरिया, आदर्श कॉलोनी, मिशन चौक मजार गली सहित अन्य के अन्य स्थानों में विशेष सफाई की जाकर एकत्रित कचरे का उठाव कार्य किया गया। जबकि रोड स्वीपिंग मशीन के माध्यम से घंटाघर से गर्ग चौराहा, खिरहनी ओवर ब्रिज होते हुए दुर्गा चौक रपटा पेट्रोल पंप तक एवं दुर्गा चौक से तिलक कॉलेज रोड तक रोड के दोनों तरफ एवं डिवाइडर की सफाई कार्य किया जाकर धूल एवं मिट्टी की सफाई की जाकर वायु गुणवत्ता सुधार के प्रयास किए गए । नगर में चल रहे विशेष स्वच्छता अभियान एवं सतत मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप सफाई व्यवस्था में सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है तथा नागरिकों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। ईएमएस/मोहने/ 23 मई 2026