ब्यावरा(ईएमएस)l गत दिवस पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद सिटी पुलिस बसों की चेकिंग के लिए सड़कों पर उतरी। इस कार्रवाई से बस चालकों में हड़कंप मच गया। सिटी पुलिस ने तो बस स्टैंड पर ही बसों को रोक कर जांच की, जबकि यातायात और देहात पुलिस ने हाइवे पर चेकिंग की। इस दौरान किसी बस में एक्सपायरी फायर इक्यूपमेंट मिले तो किसी के पास दस्तावेज ही पूरे नहीं थे। सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 10 बसों के चालान किए हैं। इसमें किसी के पास कागज अधूरे थे, जबकि कुछ में अन्य कमियां पाई गईं। जिनमें कमियां पाई गईं उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। यातायात थाना प्रभारी देवनारायण पांडे के नेतृत्व में हाइवे पर बसों को रोका गया। इस दौरान बसों में लगे फायर इक्यूपमेंट जब देखे गए तो कुछ में एक्सपायरी मिले, इसको लेकर चालानी कार्रवाई की गई। उधर जैसे ही बस चालकों को हाइवे पर चेकिंग की जानकारी लगी तो वह रुट बदलकर दूसरे मार्ग से निकलने लगे। हालांकि देहात पुलिस भी हाइवे पर चेकिंग कर रही थी, इसलिए ऐसे बस चालक आगे जाकर पकड़े गए। दरअसल यह अभियान केवल ब्यावरा ही नहीं बल्कि जिले के सभी 20 थानों की पुलिस द्वारा चलाया जा रहा है। इसके चलते जो बस चालक एक चेकिंग से बचने में सफल भी हो गए, वह आगे जाकर पकड़े गए। रात 9 बजे तक चेकिंग अभियान जारी रहेगा।-निखिल/ब्यावरा/23/5/2026