राज्य
23-May-2026


-46 के पार पहुंचा खजुराहो में पारा भोपाल, (ईएमएस)। प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। नौ तपा शुरू होने से पहले ही बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र आग उगलने लगे हैं। शुक्रवार को खजुराहो में तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नौगांव सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 46.8 डिग्री तक पहुंच गया। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है, जबकि छतरपुर, टीकमगढ़ और आसपास के इलाकों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आईं और लोग तेज धूप से बचने के लिए घरों में कैद रहे। विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। हवा में नमी की कमी और साफ आसमान ने हीटवेव को और गंभीर बना दिया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सतर्क रहने की सलाह दी है। नंदिनी परसाई/23 मई 2026